| चिड़िया की जाँ लेने में इक दाना लगता है | ||||
| पालन कर के देखो एक जमाना लगता है ॥१॥ | ||||
| अंधों की सरकार बनी तो उनका राजा भी | ||||
| आँखों वाला होकर सबको काना लगता है ॥२॥ | ||||
| जय-जय के नारों ने अब तक कर्म किये ऐसे | ||||
| हर जयकारा अब ईश्वर पर ताना लगता है ॥३॥ | ||||
| कुछ भी पूछो, इक सा बतलाते सब नाम-पता | ||||
| तेरा कूचा मुझको पागलखाना लगता है ॥४॥ | ||||
| दूर बजें जो ढोल सभी को लगते हैं अच्छे | ||||
| गाँवों का रोना, दिल्ली को गाना लगता है ॥५॥ | ||||
| कल तक झोपड़ियों के दीप बुझाने का मुजरिम | ||||
| सत्ता पाने पर, अब वो परवाना लगता है ॥६॥ | ||||
| टूटेंगें विश्वास, कली से मत पूछो कैसा | ||||
| यौवन देवों को देकर मुरझाना लगता है ॥७॥ | ||||
| जाँच समितियों से करवाकर कुछ ना पाओगे | ||||
| उसके घर में शाम-सबेरे थाना लगता है॥८॥ | ||||
Poem
April 30, 2014
1
Tags

मेरी रचना को अपने ब्लॉग पर स्थान देने के लिए धन्यवाद
ReplyDelete